भजनों से भक्तिमय हुआ विश्वविद्यालय परिसर, भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
स्मार्ट विजन समाचार
गाजियाबाद। एचआरआईटी यूनिवर्सिटी में नवरात्रि के पावन अवसर पर माता की चौकी का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। धार्मिक आयोजन में विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, संकाय सदस्यों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। माता की आराधना और भजनों से पूरा विश्वविद्यालय परिसर भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. अनिल अग्रवाल एवं दीपांजलि अग्रवाल के आशीर्वाद से उपकुलाधिपति डॉ. अंजुल अग्रवाल, कुलपति प्रो. (डॉ.) डी. के. शर्मा, एमडी डॉ. वैशाली अग्रवाल तथा कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार द्वारा किया गया।

माता की चौकी के दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और माता रानी के भजनों में भाग लेकर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों और छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को सफल बनाया। पूरे परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
भंडारे में स्वयं भोजन परोसकर दिया सेवा का संदेश
कार्यक्रम के विशेष आकर्षण के रूप में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर डॉ. अंजुल अग्रवाल और डॉ. वैशाली अग्रवाल ने स्वयं लोगों को भोजन परोसा। उनके इस सेवा भाव ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।
कार्यक्रम का समापन पूजा-अर्चना, प्रसाद वितरण और भंडारे के साथ हुआ। माता की चौकी के आयोजन ने विश्वविद्यालय परिवार में आपसी सहयोग, एकता, सामूहिकता और धार्मिक आस्था की भावना को और मजबूत किया।
