स्मार्ट विज़न समाचार
मुईद सैफी (ब्यूरो चीफ)
टांडा। नगर के मंसब अली स्पोर्ट स्टेडियम में आयोजित यंगमैन फुटबॉल लीग के फाइनल मुकाबले में अल-रियाज़ क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्डन बॉय क्लब को 2-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए स्टेडियम में बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और गोल करने के लिए लगातार प्रयास किए। इसी बीच अल-रियाज़ क्लब के खिलाड़ी मुहम्मद मुरसलीन ने मैच के 12वें मिनट में शानदार गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद इकबाल अज्जू ने 23वें मिनट में दूसरा गोल दागकर टीम की बढ़त को 2-0 कर दिया। पहले हाफ की समाप्ति तक अल-रियाज़ क्लब दो गोल से आगे रहा।

दूसरे हाफ में गोल्डन बॉय क्लब ने वापसी के लिए भरपूर प्रयास किए, वहीं अल-रियाज़ क्लब के खिलाड़ियों ने भी अपना आक्रामक खेल जारी रखा। हालांकि, दोनों टीमों की ओर से दूसरे हाफ में कोई गोल नहीं हो सका। इस तरह अल-रियाज़ क्लब ने 2-0 से मुकाबला जीतकर यंगमैन फुटबॉल लीग की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
मैच के समापन पर मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद टांडा की अध्यक्ष साहिबा सरफराज के प्रतिनिधि हाजी सरफराज आलम ने विजेता अल-रियाज़ क्लब और उपविजेता गोल्डन बॉय क्लब को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
पुरस्कार वितरण के दौरान मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मुहम्मद मुरसलीन, श्रेष्ठ डिफेंडर का पुरस्कार इकबाल अज्जू, श्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार सुहैल और श्रेष्ठ मिडफील्डर का पुरस्कार शहाबुद्दीन ओजिल को दिया गया। वहीं, पूरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले मुहम्मद मारूफ को मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कार से नवाजा गया।
मैच में रेफरी की भूमिका सगीर गुड्डू ने निभाई, जबकि राहत और जुबैर आलम लाइनमैन रहे। स्कोरिंग का दायित्व मुहम्मद नफीस ने संभाला। कमेंट्री मुहम्मद सईद सागर और जाहिर जिया ने की।
इस अवसर पर सभासद महमूद नायक, सभासद मेराजुल इस्लाम, एहतराम अली, आयोजक उबैस प्रिंस, शहाबुद्दीन, जुबैर आलम, राहत अली, सगीर गुड्डू, ताहिर बफन, शाहरुख कुरैशी, जावेद मिकरानी, ओसामा, रिजवान कुरैशी, महफूज मुन्ना, शहाब, हाजी मुबीन, इफ्तिखार शेखू, नाजिम फरीदी, मुहम्मद सलीम, मास्टर इकराम, दाऊद और शोएब भाईजान सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।
