स्मार्ट विज़न समाचार
छुटमलपुर। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य हरीश रावत ने कहा कि देश में लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव और प्रत्येक मतदाता के मताधिकार की सुरक्षा आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर मतदाताओं के वोट काटे गए हैं, जिससे बड़ी संख्या में लोग अपने मताधिकार से वंचित हुए हैं।
दिल्ली से देहरादून जाते समय हरीश रावत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट मुजतबा मलिक के आवास पर आयोजित बैठक में विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मताधिकार की रक्षा के लिए आवाज उठा रहे हैं और वोट चोरी का मुद्दा लगातार सामने आ रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग पर केंद्र सरकार के प्रभाव में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर वोट चोरी के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए इंडिया गठबंधन की मजबूती का दावा किया। उत्तराखंड की राजनीति पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और पार्टी का लक्ष्य भाजपा को सत्ता से बाहर करना है।
हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर महंगाई बढ़ने, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं की अनदेखी के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जनता का ध्यान मूलभूत समस्याओं से हटाने के लिए हिंदू-मुस्लिम के मुद्दे उठाए जा रहे हैं।इस दौरान हसीब मलिक,मनोज चौधरी, प्रधान फरमान मलिक,अजीम मलिक, परवेज अंसारी और अदीब मलिक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
