स्मार्ट विज़न समाचार
टांडा। नगर के मंसब अली स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट का शानदार आगाज हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि एआईएम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मेहताब चौहान ने फीता काटकर किया। उद्घाटन मुकाबला शक्तिफार्म, उत्तराखंड और कुंडेश्वरा, उत्तराखंड की टीमों के बीच खेला गया। रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 गोल की बराबरी पर रहीं। इसके बाद हुए पेनाल्टी शूटआउट में कुंडेश्वरा की टीम ने 5-4 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ के चौथे मिनट में कुंडेश्वरा के खिलाड़ी लाला ने गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद शक्तिफार्म की टीम ने पलटवार करते हुए खेल में वापसी की। मैच के 15वें मिनट में शक्तिफार्म के खिलाड़ी शुभम ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बढ़त बनाने के लिए भरपूर प्रयास किए, लेकिन निर्धारित समय तक कोई भी टीम दूसरा गोल नहीं कर सकी।
मैच का फैसला करने के लिए पेनाल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया, जिसमें कुंडेश्वरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5-4 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। जीत के साथ ही कुंडेश्वरा ने टूर्नामेंट के अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली।
मैच में रेफरी की भूमिका अमित बैद्य ने निभाई, जबकि लाइनमैन के रूप में राहुल सरकार और वसीम मलिक मौजूद रहे। स्कोरिंग की जिम्मेदारी नफीस और मोइन अली ने संभाली। वहीं, कमेंट्री के माध्यम से मुहम्मद सईद सागर और जहीर जिया ने दर्शकों का उत्साह बनाए रखा।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि एआईएम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मेहताब चौहान के अलावा जिला अध्यक्ष फरीदुज्जफर रहमानी, प्रदेश सचिव साजिद सैफी, यामीन खान, शाहिद सैफी, हकीम अब्दुल सलाम, कारी मोनिस मलिक, टूर्नामेंट आयोजक कारी रिजवान, महफूज मुन्ना, मास्टर रशीद, याहया कमाल, मुहम्मद इकबाल, राहत अली, सगीर गुड्डू और शहाबुद्दीन ओझल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुकाबले को देखने के लिए स्टेडियम में बड़ी संख्या में खेलप्रेमी पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
