करियरशिक्षा

रुचि, क्षमता और लक्ष्य के अनुसार करें करिअर का चयन : मानसी चौधरी

सुभारती विश्वविद्यालय में हुआ करिअर परामर्श सत्र, छात्रों को मिला उज्ज्वल भविष्य का मार्गदर्शन

स्मार्ट विजन समाचार
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के गृह विज्ञान विभाग में सहायक प्रो. (डॉ.) मानसी चौधरी के मार्गदर्शन में एक प्रभावी एवं ज्ञानवर्धक करियर परामर्श सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को उनके भविष्य के करियर विकल्पों के प्रति जागरूक करना और सही दिशा में निर्णय लेने के लिए प्रेरित करना रहा।
गृह विज्ञान, कला एवं मानविकी तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सत्र के दौरान विद्यार्थियों में विभिन्न शैक्षणिक और व्यावसायिक संभावनाओं को लेकर गहरी रुचि और जिज्ञासा देखने को मिली।

डॉ. मानसी चौधरी वर्तमान समय के उभरते करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा के अवसरों और कौशल विकास की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को समझाया कि अपनी रुचि, क्षमता और लक्ष्य के अनुरूप करियर का चयन करना सफलता की पहली सीढ़ी है। साथ ही उन्होंने आत्मविश्वास, प्रभावी संचार कौशल और निरंतर सीखने की आदत को आज के प्रतिस्पर्धी दौर में सफलता की कुंजी बताया।

सत्र पूर्णत: संवादात्मक रहा, जिसमें छात्रों ने करियर योजना, सरकारी व निजी क्षेत्रों में अवसर, उद्यमिता और उच्च शिक्षा से जुड़े अपने प्रश्न रखे। डॉ. चौधरी ने सभी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए छात्रों को एकाग्रता, मेहनत और सही दिशा में प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने सत्र को अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताते हुए डॉ. मानसी चौधरी का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन विश्वविद्यालय की उस प्रतिबद्धता को दशार्ता है, जिसके तहत विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उनके समग्र व्यक्तित्व विकास और उज्ज्वल करियर निर्माण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles