मुईद सैफी (ब्यूरो चीफ)
स्मार्ट विज़न समाचार
टांडा। नगर पालिका परिषद टांडा के वार्ड नंबर सात के सभासद एम. सगीर ने नगर एवं क्षेत्रवासियों से अपील की है कि जिन नौजवानों की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी तक उनका नाम वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हो सका है, वे निर्धारित तिथियों पर अपने संबंधित बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन करें।
सभासद एम. सगीर ने बताया कि जिन युवक-युवतियों का नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में दर्ज होने से छूट गया है, उनके लिए 17 अक्टूबर और 24 अक्टूबर को नाम शामिल कराने का अवसर निर्धारित किया गया है। इन दोनों तिथियों पर प्रत्येक बूथ पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। पात्र नागरिक अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने नगर एवं क्षेत्र के सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने परिवार और आसपास के ऐसे युवक-युवतियों को भी जागरूक करें, जिनकी उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, लेकिन उनका नाम अभी तक वोटर लिस्ट में दर्ज नहीं है।
सभासद एम. सगीर ने कहा कि मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना प्रत्येक पात्र नागरिक की जिम्मेदारी है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के अधिकार का लाभ उठाने के लिए मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक है। इसलिए सभी पात्र नागरिक निर्धारित तिथियों का लाभ उठाएं और समय रहते अपना आवेदन जमा कराएं, ताकि वे मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाएं।
