उत्तर प्रदेश

अयोध्या में ऐतिहासिक क्षण आज: अभिजीत मुहूर्त में प्रधानमंत्री मोदी करेंगे राम मंदिर पर ध्वजारोहण

अयोध्या वासियों के साथ पूरे देश में इस दिव्य क्षण को लेकर उत्साह और श्रद्धा का वातावरण है।

स्मार्ट विज़न समाचार

अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी आज एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक क्षण की साक्षी बनेगी। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में ध्वजारोहण समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार, 25 नवंबर को अयोध्या पहुंचेंगे। दोपहर 12 बजे वह मंदिर के शिखर पर विशेष भगवा ध्वज फहराएंगे। इस भव्य आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
सोमवार की शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचे और मंदिर परिसर में होने वाले कार्यक्रम की विस्तृत तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम से पहले अयोध्यावासियों का अभिवादन करते हुए श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचेंगे। इससे पूर्व वह सुबह लगभग 10 बजे सप्तमंदिरों में दर्शन करेंगे—महर्षि वशिष्ठ, महर्षि विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य, महर्षि वाल्मीकि, देवी अहिल्या, निषादराज गुहा और माता शबरी के मंदिर में आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इसके बाद वह शेषावतार मंदिर और लगभग 11 बजे माता अन्नपूर्णा मंदिर में भी दर्शन-पूजन करेंगे। तत्पश्चात राम दरबार गर्भगृह में पूजा-अर्चना करेंगे।

दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराएंगे। यह आयोजन मार्गशीर्ष मास की शुक्ल पक्ष पंचमी पर, श्रीराम और माता सीता की विवाह पंचमी के अभिजीत मुहूर्त में संपन्न होगा, जो इस ऐतिहासिक घटना को और भी शुभ और पावन बनाता है।

फहराया जाने वाला ध्वज 10 फीट ऊँचा और 20 फीट लंबा समकोण वाला होगा। इस पर भगवान सूर्य की तस्वीर, कोविदारा वृक्ष की छवि और पवित्र ‘ॐ’ अंकित होगा। इस विशेष ध्वज को धार्मिक परंपराओं और वास्तु शास्त्र को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।

अयोध्या वासियों के साथ पूरे देश में इस दिव्य क्षण को लेकर उत्साह और श्रद्धा का वातावरण है।

Related Articles