जवाहर नगर में सिर में ईंट मारकर हत्या
रंजिश में की वारदात, दो बहनों समेत तीन गिरफ्तार

स्मार्ट विजन समाचार
मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के रोहटा रोड स्थित जवाहर नगर में शनिवार शाम दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया। इस दौरान एक पक्ष ने छत पर चढ़कर दूसरे पक्ष पर पथराव कर दिया। सिर में ईंट लगने से सोनू (50) की मौत हो गई। हमले में उसका भतीजा अजय भी घायल हो गया। पुलिस ने दो बहनों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार शाम किसी बात को लेकर संगीता व अजय पक्ष में विवाद हो गया था। संगीता ने अजय के खिलाफ थाने पर तहरीर दी थी। मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने अजय व दूसरे पक्ष के एक युवक का शांति भंग में चालान कर दिया था।
शनिवार शाम अजय जमानत पर आ गया। अजय के अनुसार शाम करीब साढ़े छह बजे वह अपने चाचा सोनू के साथ जा रहा था। आरोप है कि उन्हें देखकर संगीता और उसकी बहन अंजलि व जीजा सनी ने अजय व उसके चाचा के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। दोनों ने आरोपियों की हरकतों का विरोध किया। इसके बाद आरोपी अपने मकान की छत पर चढ़ गए। यहां से उन्होंने अजय व उसके चाचा सोनू पर ईंट बरसा दीं जिसमें सिर में ईंट लगने से सोनू की मौत हो गई।













