बारिश अभी जाने वाली नहीं, दिल्ली में बारिश के साथ हुई सुबह, यमुना खतरे के निशान से ऊपर

एसवीएस नेटवर्क
नई दिल्ली। बारिश अभी जाने वाली नहीं है। आईएमडी ने गुजरात में गुरुवार को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है और रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गोवा के लिए आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, पश्चिम मध्य प्रदेश में पाच सिंतबर यानी कल ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।
पूर्वी राजस्थान के कुछ कुछ क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर पांच सितंबर तक बहुत भारी बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश नौ सितंबर तक जारी रह सकती है। वहीं, हरियाणा और चंडीगढ़ में चार और नौ सितंबर को इसी तरह की स्थिति बन सकती है। आज सुबह दिल्लीवासियों की नींद बारिश के साथ खुली। मौसम विभाग ने सुबह 6.45 बजे चेतावनी जारी की, जिसमें कहा गया कि दिल्ली-एनसीआर में अगले दो घंटे के भीतर हल्की से मध्यम बारिश, बिजली चमकने और बादलों की संभावना है।
यमुना खतरे के निशान से ऊपर
दिल्ली की यमुना नदी फिर खतरे के निशान 205.33 मीटर ऊपर बह रही है, जैसा कि लोहे के पुल के पास के दृश्य में देखा गया। निचले इलाकों में बाढ़ का पानी भर गया है, जिससे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर होना पड़ा है।