यमुना नदी अभी भी बह रही खतरे के निशान से ऊपर, खतरा बरकरार

एसवीएस न्यूज नेटवर्क
दिल्ली। दिल्ली में बाढ़ का खतरा अभी भी बना हुआ है। हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी के कारण यमुना नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया। आज सुबह पुराने लोहे के पुल पर यमुना का जलस्तर 207.33 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर है।
पुराने लोहे के पुल की सड़क तक पानी पहुंचने की उम्मीद है। गुरुवार को पुराने रेलवे पुल पर नदी का जलस्तर 207.48 मीटर तक पहुंच गया था, जो इस सीजन का सबसे ऊंचा स्तर है। अब धीरे-धीरे इसमें कमी आनी शुरू हो गई है।
लगातार बारिश के बाद यमुना नदी के उफान पर आने और खतरे के निशान को पार करने के कारण निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को मयूर विहार फेज-1 के पास बनाए गए राहत शिविरों में स्थानांतरित कर दिया गया है। बाढ़ के पानी को बाहर निकालने के लिए वासुदेव घाट के आसपास के इलाकों में मशीनें लगाई गईं। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर शुक्रवार सुबह 207.33 मीटर तक पहुंच गया है। जबकि चेतावनी स्तर 204.50 मीटर, खतरनाक स्तर 205.33 मीटर और हाई फ्लड लेवल 208.66 मीटर है।













